महाकुंभ से लौट रही श्रद्धालुओं की बस खाई में गिरी, दर्दनाक हादसे में 2 की हालत गंभीर, 40 यात्री थे सवार

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में इनर रिंग रोड पर मंगलवार (11 फरवरी) की सुबह एक बड़ा हादसा हुआ, जब यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। यह दुर्घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे के बीच इनर रिंग टोल प्लाजा के पास हुई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जो महाकुंभ स्नान के बाद मथुरा लौट रहे थे। वापसी के दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गई। इस हादसे में कई यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। महाकुंभ स्नान के बाद यात्री बनारस और अयोध्या भी गए थे। लौटते समय अधिकतर लोग बस में सो रहे थे, तभी अचानक एक झटके से बस डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क से नीचे गिर गई। इस हादसे में दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती, पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे के कारण यात्रियों और उनके परिजनों में गहरी चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं, स्थानीय पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बस चालक ने नियंत्रण कैसे और क्यों खो दिया। घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति को सामान्य कर दिया गया है।