जोधपुर : सिविल इंजीनियर के घर में चोरों ने लगाई सेंध, चुराई नकदी और जेवर

चोर अपनी वारदात को अंजाम देने के लिए अच्छे से रेकी करते हैं ताकि पकड़े जाने की संभावना बहुत कम हो। ऐसी ही एक चोरी की वारदात जोधपुर में देखने को मिली जहां एक सिविल इंजीनियर के घर में चोरों ने सेंध लगाई एवं सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ले गए। शहर के कमला नेहरू नगर द्वितीय विस्तार में रहने वाले एक सिविल इंजीनियर परिवार के लोगों से मिलने 31 दिसम्बर को सिरोही गए थे। वापस लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। पुलिस ने मौका मुआयना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया है।
कमला नेहरू नगर द्वितीय विस्तार में मकान नंबर सी- 52 निवासी सिविल इंजीनियर अंकुर वर्मा पुत्र गोरधनलाल ने पुलिस को बताया कि 31 दिसम्बर की सुबह वह परिवार के सदस्यों के साथ अन्य रिश्तेदारों से मिलने सिरोही गया था। इस बीच घर सूना पड़ा था। 1 जनवरी को वह घर पहुंचा तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी व बक्सों के ताले टूटे पड़े थे। अज्ञात चोरों ने घर से चांदी के सिक्कों के साथ मंगलसूत्र, कड़ा जोड़ी, पायजेब, सोने के छोटे मोटे आइटम के साथ ही 30 हजार नकद ले गए। एसआई हरी सिंह के अनुसार पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।शहर में सूने व बंद मकानों में हो रही लगातार चोरियों को लेकर अब आमजन के साथ खुद पुलिस भी सजगता को लेकर एक पहल करने जा रही है। इसके आदेश भी जल्द ही जारी किए जा सकते है। यानी अब आप घर सूना छोड़कर जा रहे हैं तो नजदीकी पुलिस स्टेशन पर इसकी सूचना दे सकते है। इसके लिए बाकायदा पुलिस घर की रखवाली के लिए गश्त रखेगी। इसके अलावा बीट कांस्टेबल प्रभारी, रात्रिकालीन गश्त पर रहने वाले पुलिस अधिकारी को ध्यान रखना होगा। कमिश्ररेट पुलिस इसके लिए एक आदेश जल्द ही निकाल सकती है।