उत्तरप्रदेश : दिनदहाड़े कर दी गई पत्थर से कुचलकर युवक की निर्मम हत्या, तड़प-तड़प कर तोडा दम

उत्तरप्रदेश के बांदा जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां दिनदहाड़े पत्थर से कुचलकर युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई हत्या की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार, कोतवाली प्रभारी सविता श्रीवास्तव भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। एसडीएम और सीओ ने मौके पर लोगों के बयान दर्ज किए हैं। घटना के पीछे स्थानीय लोगों को अवैध खनन व परिवहन न करने देना वजह बताई जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के लहुरेटा गांव की केन नदी में कात्यायिनी ग्रुप द्वारा बालू का खनन कार्य किया जा रहा है। बालू ठेकेदारों द्वारा बनाये गए चेक पोस्ट पर सुबह लगभग साढ़े 9 बजे यहां तैनात कर्मचारी सुभम सिंह उर्फ रवि (25) पुत्र विनोद सिंह, निवासी ग्राम मतेथू थाना सुरयावा जिला भदोही की अज्ञात व्यक्ति ने लगभग 15 किलोग्राम वजन के पत्थर को सिर में पटक दिया और खेतों के रास्ते मौके से फरार हो गया। पत्थर से घायल युवक ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। घटना के समय इस चेक पोस्ट पर दो प्राइवेट सुरक्षा गार्ड (डंडा मैन) मौजूद थे। ये दोनों गार्ड लहुरेटा गांव के बताए जा रहे हैं। इन्हीं सुरक्षा गार्डों में एक अजय ने घटना के बाद मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को फोन पर दी।