उत्तरप्रदेश के मेरठ में एक शर्मनाक वारदात सामने आई जहां बेटी की हत्या के जुर्म में पिता को जेल हो गई तो पीछे से जीजा ने अपनी दो सालियों को बंधक बना उनसे दुष्कर्म किया। मृतक युवती की 14 वर्षीय बहन ने अब जीजा फरमान पर एक माह से बंधक बनाकर मारपीट और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मृतक युवती की दो बहनों ने पिता के खिलाफ बयान दिए थे। घटना के बाद से वह जीजा फरमान के पास थीं। किशोरी ने बताया कि हत्या की वारदात के बाद से आरोपी ने दोनों बहनों को बंधक बनाकर रखा हुआ था। दोनों बहनें किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर लिसाड़ी गेट थाना पहुंची। और आरोपी फरमान के खिलाफ तहरीर दी। उसकी तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता की बहन ने फरमान से प्रेम विवाह कर लिया था। इसकी जानकारी होने पर पिता ने हत्या कर शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था। फरमान ने शव का पोस्टमार्टम कराने की अपील की थी। कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। पिता मंजूर को जेल भेज दिया गया। वहीं सोमवार को मृतका की 14 वर्षीय बहन ने जीजा पर बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया और लिसाड़ी गेट थाने पर तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद लिसाड़ी गेट पुलिस ने आरोपी फरमान के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा कायम करते हुए आरोपी की तलाश में दबिश दी।