हरियाणा : शादी के 4 दिन बाद ही गहने-नकदी लेकर फरार हुई 65 हजार में लाई गई दुल्हन

हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा कस्बे​​​​​​ में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां मूकबधिर बेटे के लिए 65 हजार में लाई गई दुल्हन शादी के 4 दिन बाद ही गहने-नकदी लेकर फरार हो गई। घटना के बाद बिचौलिए ने भी फोन नहीं उठाया। परिजन ने उसे 1 लाख रुपए का लालच देकर बुलाया। जिसे पुलिस के हवाले कर दिया है। जांच में सामने आया है कि बिचौलिए बलंवत कौर इसी तरह से लोगों को ठगने का काम करती है। हेड कांस्टेबल बहादुर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। महिला से पूछताछ की जा रही है। आरोपी दुल्हन को भी जल्दी पकड़ लिया जाएगा।

घरौंडा निवासी सुरजन ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। छोटा लड़का संपत जन्म से ही मूकबधिर है। उसकी शादी करवाने के लिए कैमला पावर हाउस कालोनी में रहने वाली मीना पत्नी अजमेर सिंह से बात की। मीना ने उन्हें सजंय नगर की रहने वाली बलवंत कौर पत्नी फूल सिंह से मिलवाया। बलवंत कौर ने कहा कि लड़की गरीब घर से है। उसके लिए नए कपड़े व खाने के लिए पैसे चाहिए। बलवंत कौर ने उनसे 65 हजार रुपए मांगे। सुरजन ने भरोसा करते हुए उसे नगद रुपए दे दिए।

26 जून को पूरे रीति-रिवाज से रिंकी नाम की युवती से संपत की शादी करवा दी। 3-4 दिन के बाद लड़की दिल्ली स्थित अपने घर जाने के लिए कहने लगी। बलवंत कौर उसे मिलवाने के लिए घर से लेकर चली गई। रिंकी के जाने के बाद कमरा चेक किया तो 25 हजार रुपए और 4 तोला सोना गायब था। उन्होंने बलवंत कौर को कई बार फोन किया, लेकिन उसने बात नहीं की। उन्होंने मीना के माध्यम से बलवंत कौर को एक लाख रुपए का लालच दिया। मीना के घर बुलाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।