गाजियाबाद : बंदूक लेकर युवती के घर पहुंचा प्रेमी, झगड़े में चलाई गोली और हुई प्रेमिका की भाभी की मौत

उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया जहां एक प्रेमी बंदूक लेकर युवती के घर पहुंचा और विवाद होने पर उसने प्रेमिका की भाभी की जान ले ली। घटना गुरुवार सुबह निवाड़ी इलाके में घटित हुई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगी है। गाजियाबाद के एसपी (ग्रामीण) डॉक्टर ईरज राजा ने बताया कि मामले में आरोपी रोहित के खिलाफ निवाड़ी थाने पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। उन्होंने बताया कि शादी को लेकर आरोपी का लड़की के परिजनों से विवाद हुआ। इस दौरान फायरिंग में गोली लगने से महिला की मौत हुई है।

यह वारदात निवाड़ी थाना क्षेत्र में ग्राम शेरपुर की है। रोहित नाम का शख्स शेरपुर गांव निवासी युवती से प्यार करता है। जानकारी के अनुसार, दोनों दूर की रिश्तेदारी में भाई-बहन लगते हैं। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते हैं, लेकिन लड़की के परिजन इसके खिलाफ हैं। इसे लेकर अक्सर दोनों पक्षों में विवाद रहता है। गुरुवार सुबह रोहित अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा। उसके घरवालों से कहा कि वह शादी करना चाहता था। इसे लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा और फिर मारपीट शुरू हो गई। रोहित तमंचा साथ लेकर आया था। उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली पवित्रा नामक महिला को जा लगी, जो रोहित की प्रेमिका की भाभी थी। अधिक खून बहने से पवित्रा की मौके पर मौत हो गई।