लखनऊ: रिफिलिंग के दौरान फटा ऑक्सीजन सिलेंडर, 3 की मौत; 7 लोग घायल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। लखनऊ के देवा रोड स्थित केटी ऑक्सीजन प्लांट पर मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया। ब्लास्ट के चलते तीन लोगों की मौत हो गई। 7 लोग घायल हैं। मरने वालो में एक ऑक्सीजन प्लांट का कर्मचारी और एक गैस भराने आया व्यक्ति शामिल है। एसीपी विभूतिखंड प्रवीण मलिक के अनुसार, ऑक्सीजन प्लांट पर ये हादसा रिफिलिंग के दौरान लीकेज की वजह से हुआ है। सभी घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कमिश्नर ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।

हादसे के वक्त प्लांट के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी थी। ये सभी लोग सिलेंडर रिफिलिंग कराने आए थे। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक सिलेंडर में ऑक्सीजन रिफिलिंग कराने पहुंचा था, जैसे ही ब्लास्ट हुआ उसका एक हाथ उड़ गया। मौके पर खड़े कई अन्य लोगों भी गंभीर चोटें आईं हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रीफिलिंग के दौरान सिलेण्डर फटने की दुर्घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने दुर्घटना के कारणों की जांच किये जाने के निर्देश भी दिये हैं।