यूपी के अमरोहा में बड़ा हादसा, अवैध पटाखा फैक्ट्री में भयंकर ब्लास्ट, 2 लोग गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा में अवैध रूप से चल रही एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार की रात में अचानक भयंकर धमाका हो गया, जिसमें फैक्ट्री में मौजूद कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। धमाका इतना भयानक था कि छत के साथ-साथ दीवार की भी धज्जियां उड़ गईं। इस हादसे में दो लोगों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि घायलों में फैक्ट्री मालिक का बेटा और एक कर्मचारी है। फिलहाल, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की छानबीन करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री संचालक मौके से फरार है।

दरअसल, यह अवैध पटाखा फैक्ट्री अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव के पास स्थित है। हादसे के बाद फैक्ट्री में काम करने वाले कई लोग गायब हैं। मलबे में कोई दबा है या नहीं, इसकी भी पुलिस तफ्तीश कर रही है। फिलहाल, पुलिस इस अवैध पटाखा फैक्ट्री पर भी जांच के बाद एक्शन लेने की तैयारी में है।