PM मोदी के जन्मदिन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में बीजेपी, एक दिन में 1.5 करोड़ लोगों को वैक्सीनेट करने का रखा लक्ष्य

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) का आज 71वां जन्मदिन है। इस मौके पर बीजेपी (BJP) देशभर में अलग- अलग कार्यक्रम आयोजित करेगी। बीजेपी आज ज्यादा से ज्यादा संख्या में Covid-19 वैक्सीनेशन (Covid-19 Vaccination) का रिकॉर्ड बनाना चाहती है। बीजेपी ने इस दिन को यादगार बनाने के लिए एक दिन में 1.5 करोड़ लोगों को वैक्सीनेट करने का टारगेट रखा है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि हम चाहते हैं कि आज के दिन के वैक्सीनेशन की संख्या इतनी ज्यादा हो कि इस दिन को इतिहास में दर्ज कर दिया जाए। बीजेपी महासचिव और स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की पहल के प्रभारी तरुण चुग ने कहा कि पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा प्रधानमंत्री का जन्मदिन एक विशेष तरीके से मनाना चाहते थे। एक दिन में 1।5 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाने का रिकॉर्ड पूरा करने के लिए पार्टी ने हेल्थ वॉलेंटियर्स को यह सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया है कि आज ज्यादा से ज्यादा वैक्सीन लगाई जा सके।

BJP के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यह उन लोगों को भी करारा जवाब होगा, जिन्होंने विशुद्ध राजनीतिक कारणों से लोगों में वैक्सीन लगाने में हिचकिचाहट पैदा करने की कोशिश की। इस तरह लोगों के जीवन को खतरे में डाला। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान में भारत का COVID-19 टीकाकरण कवरेज गुरुवार को 77 करोड़ (77,17,36,406) को पार कर गया है। गुरुवार शाम 7 बजे तक 57,11,488 वैक्सीन की खुराक दी गई।

'सेवा और समर्पण अभियान'

इसके साथ ही बीजेपी दिल्ली मुख्यालय पर 'सेवा और समर्पण अभियान' कार्यक्रम की शुरुआत करेगी। ये कार्यक्रम 7 अक्टूबर तक चलेगा। 7 अक्टूबर को ही प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर के बीस साल भी पूरे हो रहे हैं। सेवा एवं समर्पण अभियान के तहत किसान मोर्चा द्वारा किसान सम्मान दिवस का आयोजन करते हुए 71 किसानों और 71 जवानों को सम्मानित किया जाएगा। कोरोना काल में सेवा कार्य करने वाली 71 महिलाओं को सम्मानित करने का कार्य महिला मोर्चा द्वारा किया जाएगा।

रक्तदान शिविर

इसके अलावा बीजेपी युवा संगठन आज के दिन रक्तदान शिविर लगाएगा। इस अभियान में बीजेपी के कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पहुंचकर संपर्क व संवाद करेंगे, सेवा कार्य करेंगे। मोर्चे व प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता भी इस अभियान में जुटेंगे।