बीजेपी सांसद मनोज तिवारी बने बेटी के पिता, ट्वीट कर शेयर की खुशखबरी

भाजपा के पूर्व दिल्‍ली अध्‍यक्ष मनोज तिवारी पिता बन गए हैं। उनके घर नन्‍हीं परी ने जन्‍म लिया है। मनोज तिवारी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मनोज तिवारी ने ट्वीट किया, 'मेरे घर आई एक नन्‍हीं परी...मुझे बेटी हुई है। जय जगदंबे...' बता दे, सांसद मनोज तिवारी की एक बेटी और है जो मुंबई में रहकर शिक्षा हासिल कर रही है। मनोज तिवारी उनसे मिलने के लिए अक्सर मुंबई भी जाते हैं।

भाजपा नेता ने जैसे ही इसकी जानकारी ट्विटर पर साझा की बधाई देने वालों की बाढ़ सी आ गई। उनके प्रशंसक और समर्थक उन्‍हें अपने-अपने तरीके से शुभकामनाएं देने लगे।

एक प्रशंसक ने लिखा, 'भैया आपको बहुत-बहुत बधाई। मां जगदंबा का आशीर्वाद आप सभी पर बना रहे।'

ऐसे ही एक अन्‍य समर्थक ने बधाई देते हुए ट्वीट किया, 'बधाई! नववर्ष के मंगव अवसर पर घर में लक्ष्‍मी जी आई हैं।'

एक अन्‍य शख्‍स ने लिखा, 'बधाई सर। मैं आपको लेकर बहुत खुश हूं। ईश्‍वर का आशीर्वाद आपको और आपकी नन्‍हीं परी के साथ सदैव बना रहे।'

मनोज तिवारी ने उत्‍तर प्रदेश से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। उन्‍होंने सपा के टिकट पर गोरखपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ा था, लेकिन उत्‍तर प्रदेश के ही मौजूदा मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से उन्‍हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद मनोज तिवारी ने 2013 में बीजेपी का दामन थामा था और 2014 के लोकसभा चुनावों में उत्तर पूर्वी दिल्ली से पहली बार बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल को हराया था। बाद में वह दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष बने और उनके नेतृत्व में पार्टी ने निगम का चुनाव लड़ा।