बिहार: सिवान में मोबाइल छीनने का विरोध करने पर दो युवकों पर चाकू से हमला, एक की मौत; दूसरे की हालत गंभीर

बिहार के सिवान जिले में बीती रात मोबाइल छीनने का विरोध करने पर दो युवकों पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। यह मामला जीबी नगर थाना क्षेत्र के चौकी हसन गांव का है। गंभीर हालत में दोनों को इलाज के लिए सदर अस्‍पताल पहुंचाया गया। वहां डाक्‍टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे का इलाज किया जा रहा है। मृतक की पहचान नीतेश के रूप में की गई है। घायल युवक रोशन कुमार मांझी है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ ही चाकू भी बरामद कर लिया है।

चौकी हसन निवासी नीतीश कुमार महतो और रौशन मांझी को दीनदयालपुर गांव निवासी सुरेश साह के पुत्र गोलू कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में दोनों को ग्रामीणों ने सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां पर चिकित्सकों ने नीतीश कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि रौशन मांझी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

मोबाइल छीनने के विरोध में किया हमला

मृतक के स्वजनों ने पुलिस को बताया कि नीतीश कुमार और रौशन दोनों शौच करने के लिए खेत की तरफ गए थे। वहां से लौट कर गांव स्थित सड़क के किनारे पुल पर बैठ कर बात कर रहे थे तभी दीनदयालपुर गांव निवासी गोलू कुमार अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। वे दोनों युवकों से मोबाइल छीनने लगा। इसका विरोध करने पर गोलू कुमार ने दोनों दोस्तों पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपित दीनदयालपुर गांव के गोलू कुमार के साथ अभिषेक कुमार व शीबू कुमार को घर से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया है। इधर घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है।