बिहार: बाबा महेंद्रनाथ धाम मंदिर में मची भगदड़, 2 महिलाओं की मौत

सावन के पहले सोमवार बिहार में बड़ा हादसा हुआ है। सिवान जिले स्थित बाबा महेंद्र नाथ शिव मंदिर में भगदड़ मचने से दो महिलाओं की मौत हो गई। सावन के पहले सोमवार को हुए इस हादसे में अन्य श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। फिलहाल उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि सावन की पहली सोमवार की वजह से भगवान शिव पर जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। श्रद्धालुओं की भीड़ जलाभिषेक के लिए मंदिर में प्रवेश कर रही थी, इसी दौरान भीड़ में तीनों महिलाएं दब गईं, जिसमें से दो महिलाओं की दम घुटने से मौत हो गई, वहीं दो महिलाएं भीड़ में दबने और गिरने से घायल हो गईं। जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मृतकों के नाम

- लीलावती देवी (उम्र- 42 साल, हुसैनगंज प्रखंड के प्रतापपुर गांव की रहने वाली, पति- मोताब चौधरी)
- सुहागमति देवी (उम्र- 40 साल, जीरावी प्रखंड के पथार गांव की रहने वाली, पति- दिलीप बैठा)

घायल महिलाएं

- शिवकुमारी देवी (पति- जनकदेव भगत, हुसैनगंज प्रखंड के सहदुल्लेपुर गांव की रहने वाली)
- अंजुरिया देवी (पति- दीनानाथ यादव, हुसैनगंज प्रखंड के प्रतापपुर गांव की रहने वाली)