बिहार : प्रशासन आँखे मूंद देख रहा! कोरोना मरीजों के शवों को पुल से फेंक रहे एंबुलेंस वाले

कोरोना महामारी के बीच कुछ लोगों का गैर जिम्मेदाराना रवैया इस वायरस को फैलने में सहायता कर रहा है। उत्तरप्रदेश के सीमावर्ती बिहार के सारण जिले के मांझी प्रखंड के जयप्रभा सेतु कोविड संक्रमित शवों के 'निपटारे' का साधन बना हुआ है। आए दिन इस पुल से एम्बुलेंस चालक अस्पतालों से लाये गए शवों को फेंककर आराम से निकल जाते हैं और प्रशासन आँखे मूंदे स्थिति को सामान्य या नियंत्रण में बताने की कोशिश में लगा रहता है।

स्थानीय लोगों की मानें तो बिहार हो या उत्तर प्रदेश, दोनों राज्‍यों की तरफ से एम्बुलेंस वाले आते हैं, शव को पुल से नीचे फेंकते हैं और निकल भागते हैं। संक्रमित शवों का अंतिम संस्कार भी नही होता है और न ही उनको मिट्टी में दफनाया जाता है। आवारा जानवर का आहार बनते इन शवों को लेकर संवेदनहीन प्रशासन एक बड़े खतरे को अनदेखा कर रहा है।