बिहार: लखीसराय में ट्रक-सुमो की आमने-सामने टक्कर, 6 की मौत 4 घायल

बिहार के जमुई में ट्रक और सुमो के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में 6 लोगों की मौत और 4 गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। मृतकों में 4 का शव सड़क पर पड़ा है। जबकि 2 लोग सुमो में फंसे हुए हैं।

हादसा सिकन्दरा-शेखपुरा NH-333 पर हलसी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के पास मंगलवार की सुबह 6 बजे के आसपास हुआ। मरने वालों में 5 लोग जमुई के खैरा प्रखंड के नौडीहा के बताए जा रहे हैं। जबकि एक चौहान जी क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग छठ पूजा के लिए पटना गए थे। वापसी के दौरान ये हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया और अब आगे की कार्यवाही में जुटी है। मृतकों और घायलों के परिवारों को सूचना दे दी गई है। परिजन मौके पर पहुंच चुके हैं। ट्रक पर एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर लदा हुआ था।