दिग्विजय सिंह की अपील - NDA छोड़कर तेजस्वी को CM बनाएं नीतीश; JDU का पलटवार - मध्य प्रदेश के बाद अब क्या बिहार को करना चाहते हैं बर्बाद

बिहार में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिग गठबंधन यानी एनडीए (NDA) की सरकार बनने जा रही है, लेकिन कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह चाहते हैं कि नीतीश कुमार तेजस्वी को आशीर्वाद देकर सीएम बना दें। जी हां, दिग्विजय ने नीतीश को तेजस्वी यादव के साथ आने का ऑफर दिया है। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम व कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (Congress leader Digvijay Singh) ने सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) से अपील कि की वे भाजपा-संघ का साथ छोड़ तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) को आशीर्वाद दें। अब इस मसले पर जेडीयू ने पलटवार करते हुए कहा है कि दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के बाद अब बिहार को भी बर्बाद करना चाहते हैं। डीयू के प्रवक्ता संजय सिंह (JDU spokesperson Sanjay Singh) ने कांग्रेस नेता को जवाब देते हुए कहा, 'वह पहले ही मध्य प्रदेश को बर्बाद कर चुके हैं ओर अब वे बिहार को भी बर्बाद करना चाहते हैं। यह बेहतर होगा कि वह अपनी सलाह खुद को और कांग्रेस को दें, हमें इसकी जरूरत नहीं है। कांग्रेस पहले से ही डूब रही है, जो कोई भी उसके साथ जाएगा, उनके साथ वह डूब जाएगा।'

बता दें कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का साथ छोड़कर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, भाजपा/संघ अमरबेल के समान हैं, जिस पेड़ पर लिपट जाती हैं वह पेड़ सूख जाता है लेकिन वे खुद पनपती जाती हैं। नीतीश जी, लालू जी ने आपके साथ संघर्ष किया है, आंदोलनों मे जेल गए है। भाजपा/संघ की विचारधारा को छोड़ कर तेजस्वी को आशीर्वाद दे दीजिए। इस 'अमरबेल' रूपी भाजपा/संघ को बिहार में मत पनपाओ।