बिहार / कांग्रेस का वादा, सत्ता में आए तो किसानों को मुफ्त बिजली और बेरोजगारों को हर महीने देंगे 1500 रूपये

कांग्रेस ने बुधवार को पटना में पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी ने इसे बिहार बदलाव पत्र नाम दिया है। इस घोषणा पत्र में कांग्रेस ने बिहार के किसानों को मुफ्त बिजली और कर्ज माफ करने का वादा किया है। कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि पार्टी सत्ता में आने पर किसानों का कर्ज माफ करेगी और बिजली बिल भी माफ करेगी। इसके अलावा किसानों को फसल का सही मूल्य दिलाने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की तर्ज पर केंद्र के कानून को खारिज किया जाएगा। किसान अगर ट्रैक्टर खरीदते हैं तो उसका रजिस्ट्रेशन मुफ्त किया जाएगा।

विधवा महिलाओं को पेंशन

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि विधवा महिलाओं को 1000 रूपये का पेंशन दिया जाएगा। राज्य सरकार लड़कियों को पीजी से केजी तक शिक्षा मुफ्त मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में मेडल लाने वाले को सीधे नौकरी की जाएगी।

बेरोजगारों को हर महीने 1500 रुपये

कांग्रेस नेता राजबब्बर ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो नौकरी मिलने तक बेरोजगारों को हर महीने 1500 रुपये देगी। उन्होंने कहा कि नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख नौकरी देने का फैसला लिया जाएगा। राजबब्बर ने कहा कि सरकार ने युवाओं के साथ छल किया है और युवा उसका जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि नई सरकार रोजगार के लिए सर्वे करवाएगी और कैंप लगाकर रोजगार दिया जाएगा।

कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा कि आज शिक्षा के लिए बिहार के छात्र बाहर जाने को मजबूर हैं। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने का अनुरोध किया लेकिन प्रधानमंत्री ने नहीं सुनी। ये मुख्यमंत्री की हैसियत है प्रधानमंत्री के सामने। उन्होंने कहा कि बारहवीं कक्षा में 90% से ज्यादा नंबर लाने वाली छात्राओं को सरकार को स्कूटी देगी।