बिहार: पहले दी पति को नशे की दवाई, फिर उतारा मौत के घाट

बिहार के खगड़िया से एक हत्या का मामला सामने आया है। जहां, एक पत्नी ने अपने ही पति की धारदार हथियार से हत्या कर दी। यह मामला बेलदौर थाना इलाके के पनसलवा गांव से सामने आया है। हत्या करने से पहले पत्नी ने पति को नशे की दवाई खिलाकर सुला दिया। फिर गरासा से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं पति की लाश को जमींदोज करने के लिए अपने घर में उसने गड्ढा भी खोदा। लेकिन वो लाश को ठिकाने नहीं लगा सकी। पुलिस ने लाश को बरामद कर आरोपी महिला को अरेस्ट कर लिया है। पूछताछ में आरोपी महिला कंचन देवी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। महिला मृतक की दूसरी पत्नी थी।

पति को मौत के घाट उतारा

गोगरी डीएसपी पीके झा ने बताया कि महिला का किसी के साथ अवैध संबंध हो सकता है। हत्या में इस्तेमाल किया गया गरसा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक ज्ञानी शर्मा ने चार शादियां की थीं। जिसमें पहली पत्नी की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। तीसरी पत्नी भाग गई थी, जबकि दो पत्नी उसके साथ रहती थीं। इन सब के बीच पहली पत्नी की बेटी चुनचुन देवी की माने तो उसकी सौतेली मां कंचन देवी ने ही उसके पिता को जान से मारा है। क्योंकि सौतेली मां से उनके पिता का अक्सर झगड़ा होता रहता था।