बिहार (Bihar) के भागलपुर में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली बेहद ही चौकने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स पत्नी को जुआ में हार गया। इसके बाद जुआरियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब अपने साथ हुई ज्यादती के खिलाफ आवाज उठानी चाही तो पति ने उस पर तेजाब डाल दिया। यह मामला जिले के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के हसनगंज मोहल्ले का है। यह घटना 2 नवम्बर की है। इस घटना में महिला बुरी तरह से झुलस गईं। पीड़िता का इलाज जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चला।
इलाज के बाद पीड़िता किसी तरह पति के चंगुल से निकलकर अपने मायके जिच्छो पहुंची और घरवालों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता दीपक सिंह से न्याय की गुहार लगाई। सामाजिक कार्यकर्ता ने सीनियर एसपी आशीष भारती से बात की और फिर एसएसपी के निर्देश पर मोजाहिदपुर थाना में एफआईआर दर्ज करवाया गया। मोजाहिदपुर थाना में पीड़िता की ओर से दिये गये आवेदन में बताया गया कि उनकी शादी मोजाहिदपुर के हसनगंज से दस साल पहले शादी हुई थी। संतान न होने के कारण लगातार बांझपन होने का ताना दिया जाता रहा। पति शराबी और जुआरी था और इसी कड़ी में जुआ में उन्हें ही शराब के नशे में दाव पर लगा दिया और हार गया। इसके बाद पांच-छह लोगों ने उनके साथ दुष्कर्म किया। इसको लेकर लगातार पति से लड़ाई होती थी। एक दिन आरोपी ने उन पर तेजाब से हमला कर दिया।न्यूज़18 की खबर के अनुसार इधर पूरा मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को देर रात गिरफतार कर लिया है। सीनियर एसपी ने स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपियों को सजा दिलाने की बात कही है। एसएसपी आशीष भारती ने मामले की जांच कराकर सभी दोषियों का शिनाख्त कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अमानवीय हरकत में शामिल आरोपियों को किसी भी हालत में नहीं बख्शा जायेगा।