भागलपुर: थर्ड ईयर के स्टूडेंट ने कमरे में लगाई फांसी, यूनिवर्सिटी इलाके के लॉज में मिली बॉडी

भागलपुर में एक स्टूडेंट की डेड बॉडी उसके कमरे में पंखे से लटकी हुई मिली है। स्टूडेंट की पहचान बुद्धूचक नयानगर निवासी 21 वर्षीय सुनील कुमार के तौर पर हुई है। सुनील पीएन साइंस कॉलेज में स्नातक थर्ड ईयर (राजनीति शास्त्र) का स्टूडेंट था और विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के परवती इलाके के एक लॉज में रहता था। शुक्रवार की शाम 7 बजे के बाद साथियों ने जब उसके कमरे का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की तो वह खुला नहीं। इसके बाद साथियों ने लॉज मालिक को सूचना दी और उसके सहयोग से दरवाजा तोड़ दिया। अंदर में गमछे के सहारे उसका जिस्म छत के पंखे से लटका था और कानों में इयरफोन लगा था। लॉज मालिक और साथियों ने पुलिस को सूचना देने से पहले सुनील को मायागंज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिर सुनील के परिजनों को इस बात की सूचना दी गई।

डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद लॉज मालिक सुरेश मंडल ने विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर सुनील के साथियों से पूछताछ की है। साथियों ने पुलिस को बताया है कि सुनील जब पंखे से लटका था तब उसके कानों में इयरफोन लगा हुआ है। शायद वह किसी से बात कर रहा था। इसी बीच उसने यह कदम उठाया। पूछताछ के आधार पर पुलिस भी घटना के कारणों का पता लगा रही है।

लॉज में पढ़ने वाले प्रवीण कुमार ने पुलिस को बताया कि सुनील रोज शाम 5 बजे के बाद अपने रुम में सो जाता था। फिर 7 बजे उठने के बाद वह बाजार जाता। रात में खाने-पीने के बाद पढ़ाई करता था। शुक्रवार की शाम भी वह हमेशा की तरह 5 बजे के बाद अपने कमरे में ही था। 2 घंटे के बाद जब उसके दोस्तों ने जगाने की कोशिश की तब उसके कमरे से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद ही उसके साथियों ने लॉज मालिक सुरेश मंडल को इस बात की जानकारी दी।