साले की शादी में पहुंचे जीजा को खौलते तेल की कड़ाही में डाला

बिहार के बांका जिले से एक बेहद ही खौफनाक घटना सामने आई है। यहां साले की शादी में शामिल हुए जीजा को कुछ युवकों ने विवाद के बाद उठाकर खौलते तेल की कड़ाही में डाल दिया। इससे चेहरे को छोड़कर उसके पूरे शरीर का बुरा हाल हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के पहाड़पुर से महादेवावरण में 27 अप्रैल को पप्पू यादव अपने साले संतोष यादव की शादी में शामिल होने पहुंचा था। शादी में विकास यादव और शिवा यादव ने संतोष यादव से शरारत की। इसी बीच दोनों का संतोष से विवाद हो गया। इसी विवाद के बाद विकास और शिवा ने पप्पू को उठाकर गर्म तेल की कड़ाही में डाल दिया।

बताया जा रहा है कि पप्पू यादव बारात के दिन घर के सामने चौकी पर लेटा था। इसी दौरान दोनियार गांव का विकास यादव सहित अन्य युवक ने उसे गर्म तेल की कड़ाही में डाल दिया। इस घटना में पप्पू यादव के पीठ का बड़ा हिस्सा झुलस गया है। पप्पू ने पुलिस से मामले की शिकायत की। घटना के बाद आरोपी युवक फरार हैं। स्थानीय पुलिस ने कटोरिया के रेफरल अस्पताल में पीड़ित को इलाज के लिए भेजा है। लिखित शिकायत मिलने के बाद कटोरिया पुलिस गिरफ्तारी में जुट गई है।