जासूसी के आरोप में बिहार एटीएस के हथ्ते चढ़ा सेना का जवान, फंस गया था पाकिस्तानी महिला के जाल में

बिहार एटीएस ने जासूसी के आरोप में सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया हैं जो कि पाकिस्तानी महिला के जाल में फंस गया था और देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहा था। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की महिला एजेंटों के जाल में भारत के कई सैन्यकर्मी फंस चुके हैं। ये एजेंट सेना के जवानों से दोस्ती करती हैं और फिर उन्हें बरगलाकर देश की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपर्णू जानकारियां हासिल कर लेती हैं। आरोपी गणेश से पूछताछ में और भी खुलासों की उम्मीद है।

गिरफ्तार जवान गणेश कुमार नालंदा जिले का रहने वाला है। वह सेना की मेडिकल कोर में पदस्थ है। अभी वह पुणे में पदस्थ है। आरोपी जवान को पटना के खगौल थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। वह पाकिस्तानी महिला जासूस को देश की सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां सोशल मीडिया के जरिए भेजता था। खुफिया सूचनाएं मिलने के बाद बिहार एटीएस ने आरोपी जवान के खिलाफ सबूत जुटाए और उसे रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

गणेश ने पूछताछ में बताया कि उसने पाकिस्तानी महिला सुनीता (परिवर्तित नाम) के साथ खुफिया जानकारी साझा करने की बात कबूल की है। सुनीता ने पहचान बदलकर दो साल पहले उससे दोस्ती की थी। तब गणेश जोधपुर में पदस्थ था। गणेश का दावा है कि पाकिस्तानी महिला ने उसे भारतीय नौसेना की मेडिकल टीम का सदस्य बताकर दोस्ती की थी। जासूसी के आरोपी गणेश ने बताया कि सुनीता व उसकी अक्सर फोन पर बातचीत होती थी। सुनीता को उसने सेना से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। जांच एजेंसिया गणेश के मोबाइल फोन को खंगाल रही हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से की गई बातचीत और चैट का भी ब्योरा निकाला गया है।