51 साल की उम्र में तीसरी बार पिता बने मनोज तिवारी, पत्नी संग शेयर की पहली फोटो

भोजपुरी स्टार सिंगर, एक्टर और बीजेपी नेता मनोज तिवारी की दूसरी पत्नी सुरभि तिवारी ने एक नन्ही परी को जन्म दिया है। पिछले महीने ही एक्टर ने पत्नी की गोद भराई की रस्म का एक वीडियो शेयर किया था। तब खुलासा हुआ था कि वो जल्द ही पिता बनने वाले हैं। लोगों को इस पल का बेसब्री से इंतजार था।

मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया पर पत्नी सुरभि तिवारी के साथ अस्पताल से एक फोटो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसे शेयर करने के साथ ही एक्टर ने कैप्शन में लिखा, ‘बड़े हर्ष के साथ सूचित करना है कि मेरे घर में लक्ष्मी के बाद सरस्वती का आगमन हुआ है...आज घर में प्यारी सी बिटिया पैदा हुई है...उस पर आप सभी का आशीर्वाद बना रहे... सुरभि-मनोज तिवारी’।

मनोज तिवारी ने इस पोस्ट को शेयर करने के बाद तो सोशल मीडिया पर बधाई का तांता लग गया। लोग उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं। अपनी लेटेस्ट पोस्ट में एक्टर ने अभी बेटी की झलक नहीं दिखाई है। इसमें केवल वो पत्नी के साथ सेल्फी लेते हुए नजर आ रहे हैं। इस खबर को सुनने के बाद लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं है।

गौरतलब है कि मनोज तिवारी तीसरी बार पिता बने हैं। एक्टर ने पहली बार रानी से शादी रचाई थी। रानी से उनकी एक बेटी जिया है। मनोज और रानी की शादी 1999 में हुई थी। मगर शादी के 13 साल बाद दोनों के रिश्ते में दरार आ गई थी। इसके बाद बड़ी बेटी जिया के कहने पर एक्टर ने कोरोना काल में दूसरी शादी सुरभि तिवारी से रचाई और इनसे एक बेटी हुई, जिसका नाम सान्विका है। अब ऐसे में सुरभि से एक्टर को एक और बेटी का सुख प्राप्त हुआ। जहां मनोज की ये तीसरी बेटी है वहीं, सुरभि की ये दूसरी बेटी है।