गूगल मैप ने गलत जगह पहुंचाई बरात, वक्त रहते पकड़ी गड़बड़ी, गलत शादी होने से बची

आज के समय में किसी भी जगह जाने के लिए लोग गूगल मैप का सहारा लेते ही हैं। लेकिन कई बार यह भारी भी पड़ जाता हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला था इंडोनेशिया में जहां गूगल मैप की वजह से एक बरात गलत जगह पहुंच गई और हैरानी की बात तो यह रही कि वहां भी किसी दूसरी बरात का इंतजार हो रहा था। वक्त रहते गड़बड़ी पकड़ में आई और गलत शादी होने से बच गई। इंडोनेशियाई मीडिया के अनुसार, इस व्यक्ति को सेंट्रल जावा के लोसारी गांव जाना था। गूगल मैप की वजह से वह बारात लेकर जेंगकोल पहुंच गया। इत्तेफाक से वहां मारिया अल्फा व बुरहान सिद्दीकी की शादी होनी थी। यहां दूल्हे का इंतजार पहले से हो रहा था।

27 साल की दुल्हन मारिया के अनुसार, उसके परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया, नाश्ता-पानी करवाया और एक-दूसरे को तोहफे दिए जा रहे थे। तभी परिवार के एक सदस्य ने गड़बड़ी पकड़ ली। उन लोगों ने भी माफी मांगते हुए कहा कि वह गूगल मैप की वजह से गलत घर में चला आया। इसके बाद उसे सही गांव में पहुंचाया गया। दुल्हन मारिया के परिवार ने असली दूल्हे बुरहान सिद्दीकी के परिवार से संपर्क किया। तब पता चला कि वह लोग रास्ते में थोड़ा रुक गए थे, इसलिए पहुंचने में देर हुई। इसी बीच, गलत दूल्हा मारिया के घर पहुंच गया।

सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो भी साझा किया जा रहा है। वीडियो में व्यक्ति का परिवार अपने तोहफे वापस उठाए गलत घर से निकलता नजर आ रहा है। वहां मौजूद लोग एक-दूसरे का अभिवादन करते और गलती समय रहते पकड़ में आने पर मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।