बलूच विद्रोहियों का बड़ा दावा: तीन क्षेत्रों पर नियंत्रण, पाक झंडे उतारकर फहराया बलूचिस्तान का ध्वज

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) और उससे जुड़े अन्य समूहों ने हाल के दिनों में पाकिस्तान के सुरक्षा बलों पर हमलों की रफ्तार तेज कर दी है। गुरुवार को दो जगहों पर पाकिस्तानी सेना को निशाना बनाया गया, जिनमें से एक रिमोट बम धमाका था, जिसमें सेना की एक गाड़ी पूरी तरह तबाह हो गई और 12 जवान मारे गए। यह हमला BLA ने हक्काल टीवी नामक सोशल मीडिया चैनल पर साझा भी किया।

पिछले कुछ दिनों में क्वेटा सहित कई इलाकों में गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी ने मस्तंग, काची और कच्छ में एक के बाद एक छह छोटे लेकिन सटीक हमले किए। विद्रोहियों की बढ़ती सक्रियता से पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा को गहरा झटका लगा है।

बलूच लेखक मीर यार बलोच ने 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, पाकिस्तान के झंडे उतारे जा रहे हैं, बलूचिस्तान के झंडे लहराए जा रहे हैं। अब समय आ गया है कि दुनिया पाकिस्तान से अपने दूतावास हटाकर नए देश बलूचिस्तान में स्थापित करे।

इस बीच, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने भी बलूचिस्तान की स्थिति पर सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान की सरकार और फौज बलूचिस्तान पर नियंत्रण खो रही हैं। अब्बासी ने साफ कहा कि बलूचिस्तान के कई इलाकों में अफसर बिना भारी सुरक्षा के जाने की स्थिति में नहीं हैं।