घने कोहरे के कारण ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर हुआ बड़ा सड़क हादसा, टकराईं 18 गाड़ियां

उत्तराखंड‚ हिमाचल और जम्मू–कश्मीर में बर्फबारी से उत्तरी राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। नए साल के पहले दिन भी शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 3 जनवरी के बाद स्थिति सुधर सकती है।

वहीं, घने कोहरे की वजह से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा हुआ है। बागपत में कोहरे के कारण 18 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकरा गई हैं। इस हादसे में कई लोग घायल हैं, जिन्हें बागपत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर प्रशासन की टीम पहुंच गई है और एक्सप्रेस-वे को खाली कराने की कवायद की जा रही है।

आपको बता दें कि देश की राजधानी दिल्‍ली इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है। आलम यह है कि इस साल ठंड ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। नए साल के पहले दिन सफदरजंग ऑब्‍जर्वेटरी ने न्‍यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। पिछले 14 साल में सबसे कम है। कई इलाकों में सुबह घना कोहरा भी छाया रहा।

मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, साल 1935 के जनवरी महीने में तापमान सबसे कम -0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय प्रमुख कुलदीप श्रीवास्‍तव ने बताया कि शुक्रवार सुबह 6 बजे विजिबिलीटी शून्‍य थी। सुबह 10 बजे पालम और सफदरजंग इलाके में दृश्‍यता कुछ बढ़ी, लेकिन यह 200 मीटर से नीचे ही दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने दिल्ली में 3 से 5 जनवरी के बीच बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयन रीजन में बर्फबारी का भी अनुमान है। विभाग ने मैदानी इलाकों में शीतलहर का अनुमान व्यक्त किया है।