हरियाणा : दोस्तों के साथ पार्टी कर घर लौटे ऑटो चालक की गला काटकर हत्या, चारपाई पर मिला शव

हरियाणा के रोहतक के गोहाना रोड स्थित जसिया गांव में तब सनसनी मच गई जब तड़के चारपाई पर ऑटो चालक की गला लती लाश मिली। मंगलवार-बुधवार की रात 3 बजे किसी ने गला काटकर ऑटो चालक की हत्या कर दी। ऑटो चालक रात को अपने दोस्तों के साथ पार्टी करके घर लौटा था। सदर थाना पुलिस फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर सबूत जुटाने का प्रयास किया। घर के बाहर खड़े ऑटो की भी जांच पड़ताल की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के डेड हाउस भेज दिया। पुलिस ने मृतक के भाई अजय के बयान पर गांव के चार युवकों पर शक जाहिर करते हुए रोहित, गौरव, अश्वनी, सचिन एवं मुनि के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह ने बताया कि 25 वर्षीय विकास उर्फ नान्हा जसिया और रोहतक के बीच ऑटो चलाता था। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। घर में केवल बड़ा भाई है। दोनों भाई अविवाहित हैं। उसके भाई ने पुलिस को बताया कि रात को नान्हा अपने चार दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। रात तीन बजे के बाद घर लौटा। उसने बताया कि रात को रोहित व उसके साथियों के साथ झगड़ा हो गया। रोहित ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। अजय ने कहा कि अभी सो जा सुबह बात करेंगे। तड़के उसने उठकर देखा तो नान्हे का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था। गला तेजधार चाकू से काटा गया था। फर्श पर दूर तक खून फैला हुआ था। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी।