ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में छाया कोरोना का साया, सख्त प्रतिबंध के साथ लगा सात दिन का लॉकडाउन

कोरोना का कहर अभी भी जारी हैं जहां देश-विदेश में संक्रमण और कोरोना मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में एक बार से कोरोना का साया गहराता जा रहा हैं जिसकी वजह से शुक्रवार से एक सप्ताह का सख्त लॉकडाउन लगाया गया हैं और गाइडलाइन भी तय की गई हैं। इस दौरान पूरे राज्य में सख्त प्रतिबंध लागू रहेंगे। लोगों के घर से निकलने के लिए भी नियम तय किए गए हैं। इसे लेकर अधिकारियों ने कहा कि हाल के दिनों में यह राज्य में संक्रमण की सबसे तेज रफ्तार है। इसलिए यह चिंता का विषय है। मेलबर्न के कोविड जांच केंद्रों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। जानकारी के अनुसार जांच कराने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, टीके के लिए भी मारामारी मची हुई है।

लॉकडाउन में किसी भी व्यक्ति को जरूरी चीजों की खरीदारी के लिए घर से पांच किमी से अधिक दूर जाने की इजाजत नहीं है। इसके अलावा एक घर से एक ही व्यक्ति बाहर निकल सकता है। इस दौरान मास्क का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। वहीं, स्कूलों को भी बंद रखने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही पड़ोसी राज्यों ने विक्टोरिया के साथ सीमाएं सील कर दी हैं। उधर, क्वींसलैंड और न्यू साउथवेल्स ने कहा है कि विक्टोरिया से आने वाले लोगों को होटल में सात दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा। राज्य के कार्यवाहक प्रमुख जेम्स मर्लिनों का कहना है कि अगर सख्त कदम नहीं उठाए गए तो हालात और बिगड़ सकते हैं।