ताइवान : सबसे घातक रेल हादसे में गई 48 लोगों की जान, 100 से अधिक घायल

पूर्वी ताइवान इलाके में सबसे घातक रेल हादसा देखने को मिला जिसमें अभी तक 48 लोगों की जान जा चुकी हैं और 100 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। ट्रेन में 400 से अधिक लोग सवार थे। यह हादसा तब हुआ जब पहाड़ी से गिरे वाहन से टकराकर ट्रेन आंशिक रूप से पटरी से उतर गई। ट्रेन का कुछ हिस्सा अभी भी सुरंग में हैं जिसके चलते यात्री खुद को खिड़कियों और छत पर चढ़ सुरक्षित कर रहे हैं। यह हादसा लंबे सप्ताहांत के पहले दिन टोरोको गॉर्ज दार्शनिक क्षेत्र में हुआ। रेलवे समाचार अधिकारी वेंग हुई-पिंग ने इसे ताइवान का सबसे घातक रेल हादसा बताया। वेंग ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा संचालित निर्माण साइट का एक ट्रक ऊपर पहाड़ी से फिसलकर पटरियों पर आ गिरा। ट्रक में कोई नहीं था।

राष्ट्रीय दमकल सेवा ने मृतक संख्या की पुष्टि की। मृतकों में ट्रेन का युवा और नवविवाहित चालक भी शामिल है। दमकल सेवा ने कहा कि ट्रेन में सवार सभी यात्रियों का पता लग चुका है। इसने बताया कि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है और किसी गिरफ्तारी के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई है। ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग वेन ने ट्वीट में कहा कि आपातकालीन सेवाओं को 'पूरी तरह बचाव के काम, यात्रियों एवं प्रभावित स्टाफ की मदद के काम पर लगा दिया गया है। हम इस दिल दहला देने वाले हादसे को देखते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सबकुछ करेंगे।' यह दुर्घटना चार दिन के टॉम्ब स्वीपिंग उत्सव के पहले दिन हुई है। ताइवानी प्रधानमंत्री सू सेंग चांग ने कहा कि रेलवे प्रशासन को ऐसी किसी भी घटना को दोबारा होने से रोकने के लिए तत्काल दूसरी रेल लाइनों की भी जांच करनी चाहिए।