हमारे 5 जवानों को मारने के बाद मिजोरम पुलिस ने मनाया जश्न, असम के CM ने ट्वीट किया वीडियो

असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद का मुद्दा सोमवार को अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों राज्यों की पुलिस और नागरिकों के बीच झड़प हुई है। दोनों तरफ से पहले लाठियां चलीं, मामला बढ़ा तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस बीच फायरिंग भी हुई। असम पुलिस के कम से कम 5 जवानों की मौत हो गई। वहीं एक पुलिस अधीक्षक समेत 60 अन्य घायल हो गए। असम के कछार जिले के अधिकारियों ने कहा कि संघर्ष में 10 अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं। दोनों पक्षों ने हिंसा के लिए एक-दूसरे की पुलिस को जिम्मेदार ठहराया और केंद्र के हस्तक्षेप की मांग की।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने दावा किया कि फायरिंग में असम पुलिस के 5 जवानों की मौत हो गई है। कछार जिले के एसपी वैभव निंबालकर चंद्रकार भी घायल हुए हैं। उनके पैर में गोली लगी है और वे ICU में हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में असम का दौरा किया था। उनके दौरे के दो दिन बाद यह हिंसा हुई है।

असम के CM ने मिजोरम पुलिस का जश्न मनाते ट्वीट किया वीडियो

इस बीच, मामले में एक और नया विवाद जुड़ गया है। दरअसल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो ट्वीट किया है। इस वीडियो में मिजोरम पुलिस के जवानों को जश्न मनाते हुए दिखाया गया है। वे स्थानीय लोगों से हाथ मिला रहे हैं और एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। असम के सीएम ने सोमवार रात 11:21 बजे अपने ट्विटर अकाउंट पर इस वीडियो को शेयर किया है।

असम के सीएम ने लिखा- 'असम के 5 पुलिसकर्मियों की हत्या और कई को घायल करने के बाद मिजोरम पुलिस और गुंडे ऐसे जश्न मना मना रहे हैं। दुखद और भयावह।'

सरमा ने अपने पहले ट्वीट में 6 पुलिसकर्मियों के मारे जाने का दावा किया था। हालांकि सरकार ने देर रात जारी बयान में 5 पुलिसकर्मियों की मौत की जानकारी दी है।

एक अन्य ट्विट में सरमा ने लिखा, इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि मिजोरम पुलिस ने असम पुलिस के जवानों पर लाइट मशीन गन (LMG) का इस्तेमाल किया। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और उनकी मंशा को दर्शाता है।

उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा से बात की और उनसे विवादित सीमा पर शांति सुनिश्चित करने और सौहार्दपूर्ण समाधान खोजने का आग्रह किया। जानकारी के मुताबिक सोमवार देर शाम को दोनों राज्यों की पुलिस विवादित जगह से लौट गई है।

गृह मंत्री ने दो दिन पहले ही नॉर्थ-ईस्ट राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ सीमा विवाद को लेकर शिलांग में मीटिंग की थी। इसमें असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और सिक्किम के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस प्रमुख शामिल हुए थे।