नाइजीरिया : स्कूल पर हमला कर बंदूकधारियों ने किया 30 छात्र-छात्राओं का अपहरण

उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में एक हिंसक हमला देखने को मिला जहां एक स्कूल पर बंदूकधारियों ने हमला किया और 30 छात्र-छात्राओं का अपहरण कर लिया। इन विद्यार्थियों में छात्र और छात्राएं शामिल हैं। इसके अलावा सशस्त्र हमलावरों ने स्कूल के कई कर्मचारियों का भी अपहरण कर लिया है। यह घटना गुरुवार देर रात कदुना राज्य में फेडरल कॉलेज ऑफ फॉरेस्ट्री मैकेनाइजेशन, अफका में हुई। अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एवं गृह मामलों के आयुक्त सैमुअल अरूवान ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। इसी क्षेत्र में कुछ सप्ताह पहले भी ऐसी ही घटना हुई थी।

सैमुअल अरूवान ने कहा कि यह हमला 'सशस्त्र डाकुओं' के एक बड़े गिरोह द्वारा किया गया। इससे पहले हुई ऐसी ही घटना में सेना ने हमलावरों से 180 कर्मचारियों और छात्रों को सुरक्षित छुड़ा लिया था। इस दौरान कई छात्र घायल भी हो गए। सैमुअल अरुवान ने कहा कि सुरक्षा बल लापता विद्यार्थियों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।