गृहमंत्री अमित शाह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव, मेदांता अस्पताल में भर्ती

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उन्हें डॉक्टर्स की सलाह पर मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। संक्रमित होने की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी। उन्होंने बताया कि शुरूआती लक्षण दिखने के बाद उन्होंने कोरोना टेस्ट जांच करवाया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत ठीक है लेकिन डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। उन्होंने अनुरोध करते हुए लिखा है कि हाल के दिनों में जो लोग भी उनके संपर्क में आए हैं, कृपया कर खुद को आइसोलेट करें और जांच करवाएं।

कोरोना के हालत पर शाह लगातार निगरानी कर रहे हैं। बीते दिनों दिल्ली में जब मामले तेजी से बढ़ने लगे तब भी उन्होंने कई दौर की बैठकें कीं और इस पर ठोस रणनीति तैयार की। इससे हालात काबू में आए। लॉकडाउन और अनलॉक गाइडलाइंस तैयार करवाने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही है।

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने गृहमंत्री के जल्द शीघ्र होने की कामना करते हुए लिखा कि अमित शाह जी, आप शीघ्र ही स्वस्थ हो कर पुनः उसी ऊर्जा के साथ देश सेवा में लगें ऐसी ईश्वर से प्रार्थना है।

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 17 लाख 56 हजार 220 हो गई है। शनिवार को 54 हजार 865 केस आए, तो 51 हजार 232 मरीज ठीक भी हो गए। 852 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में सिर्फ 2889 की बढ़ोतरी हुई। बीते एक महीने में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक्टिव केस इतने कम बढ़े। इससे पहले 2 जुलाई को 1570 एक्टिव केस बढ़े थे।