नॉर्थ अमेरिका के उटा में अंधाधुंध गोलीबारी, एक ही घर से 5 बच्चों समेत 8 लोगों के शव बरामद

नॉर्थ अमेरिका के उटा में अंधाधुंध गोलीबारी की खबर सामने आई है, जिसमें 5 बच्चों समेत 8 लोगों की दर्दनाक मौत हुई हैं। ये गोलीबारी उटा के इनोक में हुई है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि उटा के ग्रामीण इलाके में एक घर के भीतर आठ लोगों के शव बरामद हुए हैं, जिनकी गोली मारकर हत्या की गई है। मृतकों में 3 व्यस्क और 5 बच्चे शामिल हैं।

लोकल पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार की है। सभी मृतकों के शरीर पर गोली लगने के निशान हैं। मौके पर पुलिस मौजूद है और घटना की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है। अभी तक हमलावर के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।

बता दें कि इससे पहले अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में मंगलवार रात हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 8 वर्षीय एक बच्चे सहित 3 लोग घायल हो गए थे। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग का कहना था कि शाम लगभग छह बजे गोलीबारी के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार गोलीबारी के बाद तीन संदिग्धों एक एसयूवी चालक और दो अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस प्रमुख रॉबर्ट कॉन्टी ने कहा कि मुझे अभी इस संबंध में जानकारी नहीं है कि इस घटना को क्यों अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना की जांच की जा रही है।