अमेरिका: टेक्सास के एक स्कूल में गोलीबारी, मासूम बच्चों समेत कुल 8 लोगों की मौत, अंधाधुंध गोलियां बरसाने वाला गिरफ्तार

अमेरिका के टेक्सास राज्य में स्थानीय समयानुसार शुक्रवार सुबह सेंटा फे इलाके में स्थित सांटा फे हाई स्कूल में गोलीबारी की घटना में आठ लोगों की मौत की खबर है। जिसमें मरने वाले ज्यादातर बच्चे हैं। एक अज्ञात कानून प्रवर्तन अधिकारी को भी गोली लगी लेकिन वह जख्म गंभीर नहीं है। ह्यूस्टन क्रोनिकल के अनुसार संघीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि इस गोलीबारी में कम से कम आठ व्यक्ति मारे गये।

एक सूत्र ने बताया कि हमलावर एक पुरूष था लेकिन उसने उसके बारे में और कुछ नहीं बताया। सांता फे एचएस के सहायक प्राचार्य क्रिस रिचर्डसन ने बताया कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गोलीबारी में कई अन्य विद्यार्थी और एक अधिकारी घायल हो गये। यह गोलीबारी अमेरिका में पिछले सात दिनों में स्कूल में गोलीबारी की तीसरी और इस साल गोलीबारी की 22 वीं घटना है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ टेक्सास में स्कूल में गोलीबारी। शुरुआती रिपोर्ट अच्छी नहीं है। ईश्वर सभी पर कृपा बनाए रखें।’’

बताया जा रहा है कि स्कूल में यह हमला सुबह करीब 7 बजकर 45 मिनट पर हुआ। हमले के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। बता दें कि अमेरिका में पिछले कई दिनों में गोलीबारी की कई घटनाएं हुई हैं। इस साल अलग-अलग जगहों पर हुई 22 घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है।