तालिबान आतंकवादियों ने आज अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर भी कब्जा जमा लिया है। तालिबान के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपने दूतावास से राजनयिकों को हेलीकॉप्टर से निकाला है। वहीं, काबुल में फंसे भारतीयों को एयर इंडिया सुरक्षित वतन वापस ले आई है। काबुल से 129 यात्रियों के साथ रवाना हुआ एयर इंडिया का AI-244 विमान आज शाम दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर चुका है। एयर इंडिया की एक फ्लाइट रविवार शाम को काबुल से भारतीयों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक इससे पहले आज सुबह दिल्ली से उड़ान भरने के बाद AI-243 अशांति के बीच एक घंटे की देरी से काबुल में सुरक्षित लैंड किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि तालिबान के शहर के बाहरी इलाके में पहुंचने के बावजूद काबुल का हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) मदद के लिए उपलब्ध नहीं था, इसलिए उड़ान में देरी हुई। एयर इंडिया के अधिकारी ने बताया कि इस फ्लाइट को अफगानिस्तान में एयर बबल के अंदर ऑपरेट किया गया। सूत्रों ने कहा कि काबुल के लिए एक चार्टर उड़ान आज रद्द कर दी गई।अफगानिस्तान के राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने देश छोड़ दिया है। ऐसे में अफगानिस्तान में तनाव का माहौल है। अफगानी नागरिकों के साथ दूसरे देशों के लोग भी यहां से भाग रहे हैं। काबुल एयरपोर्ट पर भारी जाम लगा है। तालिबान ने लोगों को भरोसा दिलाया है, कि जो काबुल छोड़कर जा रहे हैं, उन्हें जाने दिया जाएगा।