आगरा से लखनऊ आते समय कार में लगी आग, जिंदा जली नवविवाहिता

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कार हादसे में एक महिला की जिंदा जलने से मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार देर रात हुआ। पति-पत्नी मथुरा से दर्शन कर वापस लखनऊ लौट रहे थे। हादसे में पत्नी को बचाने के चक्कर में पति भी झुलस गया। आग इतनी भयंकर थी कि महिला को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

जानकारी के मुताबिक लखनऊ के विकास यादव की 2 दिसंबर को रीमा से शादी हुई थी। बुधवार को पति-पत्नी मथुरा-वृंदावन दर्शन करने आए थे। वे गुरुवार को स्विफ्ट कार से आगरा होते हुए लखनऊ वापस लौट रहे थे। तभी 34 किमी चलने पर कार के बोनट से अचानक धुंआ उठने लगा। विकास ने कार रोक ली। बोनट खोलकर कार से धुंआ उठने का कारण जानने की कोशिश कर रहे थे। रीमा कार में अंदर ही बैठी थीं। तब तक बोनट से लगी आग कार में अंदर तक फैल गई। आग लगने की वजह से सेंट्रल लॉक सिस्टम फेल हो गया।

विकास ने रीमा को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुए। रीमा को बचाने में विकास झुलस गए। उनकी आंखों के सामने कार में रीमा जल रही थी। वह बचा नहीं पाए। पुलिस को इस पूरी घटना के बारे में सूचना दी गई। कोहरे के कारण करीब एक घंटे में पुलिस वहां पहुंची। इसके बाद दमकल की गाड़ी पहुंची। तब तक बहुत देर हो चुकी थी और आग में रीमा पूरी तरह जल गई थी। कार में बस उनका कंकाल बचा था।