आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसा / डिवाइडर से टकराई डबल डेकर बस, लगी आग, एक यात्री की मौत, 3 घायल

उत्तर प्रदेश के फिरोजबाद जिले में रविवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ है। यहां आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकराने के बाद डबल डेकर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक यात्री की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन घायल हो गए। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह घटना थाना नसीरपुर में एक्सप्रेस वे पर 54 नंबर कट पर हुई है। बिहार से गुजरात के अहमदाबाद जा रही डबल डेकर बस (जीजे 01 ईटी 8877) में 10 स्टॉफ समेत 72 यात्री सवार थे। बस यहां नसीरपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब पांच बजे डिवाइडर से टकराई। इसके बाद बस में आग लग गई। आग लगते ही यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। सभी यात्रियों को नीचे उतारा गया। लेकिन एक यात्री लपटों में घिरकर झुलस गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन यात्री झुलस गए। सूचना पाकर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

मृतक की शिनाख्त बिहार के सुपौल क्षेत्र के पिवहा गांव निवासी विष्णु पुत्र काड़ा ऋषिदेव के रुप में हुई है। बस के अन्य यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि उनके बैग व अन्य सामान जल गए। यात्रियों को अन्य साधनों से रवाना किया गया है।