ममता बनर्जी के बाद पंजाब के सीएम ने भी किया इंडिया गठबंधन से किनारा, अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी आप

चंडीगढ़। इंडिया गठबंधन पूरी तरह से टूटने के कगार पर आ गया है। पिछले काफी समय से आपसी मनमुटाव के चलते विपक्षी पार्टियाँ एक नहीं हो पा रही थी, लेकिन अब एक-एक करके पार्टियों ने इस गठबंधन से स्वयं को दूर करना शुरू कर लिया है। आज सबसे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पार्टी अपने अकेले दम पर पश्चिम बंगाल की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कांग्रेस को चुनाव को लेकर कई सुझाव दिया था लेकिन मेरे प्रस्ताव को ठुकरा दिया गया। इसलिए बंगाल में हम अकेले चुनाव लड़ेगे।


पश्चिम बंगाल के बाद पंजाब में भी कांग्रेस का पत्ता साफ होता दिख रहा है। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान के कुछ घंटों बाद ही पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान बुधवार को कहा कि पार्टी राज्य सभी 13 लोकसभा सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने जीत हासिल करने का भरोसा जताया है, जिसमें चंडीगढ़ को शामिल करके 14 सीटों तक विस्तार की संभावना है, साथ ही उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन के लिए भी संकेत दिए है।


13 सीटों पर जीत का दावा

बता दें कि पिछले हफ्ते ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस बात का संकेत दे दिया था कि पंजाब में आप 13 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। हालांकि उन्होंने उस वक्त ये साफ नहीं किया था कि पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी या नहीं।