नागौर : 58 साल का साथ छूटने से लगा पत्नी को सदमा, पति का शव देख उड़े प्राण, बेटियों ने दी मुखाग्नि

नागौर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां एक महिला को पति का शव देखने पर ऐसा सदमा लगा कि उनके प्राण उड़ गए। दंपती की अंत्येष्टि एक साथ की गई। मुखाग्नि 2 बेटियों ने दी। यह मामला नागौर के रूण गांव का है। बुजुर्ग दंपत्ति 58 साल से एक साथ थे और दोनों को में अटूट प्रेम था। दोनों ने एक साथ दुनिया छोड़ी है। दंपती का मलमास में अमावस्या के दिन एक साथ यूं दुनिया छोड़ना हर किसी के लिए चर्चा का विषय बन गया है। हिंदू धर्म में इसे बड़ा ही सौभाग्यशाली माना जाता है।

रूण गांव के लोगों ने बताया कि शनिदेव मंदिर में पूजा पाठ करने वाले राणाराम सेन (78) को सांस लेने में तकलीफ थी। उन्हें पहले नागौर और फिर जोधपुर इलाज के लिए ले जाया गया। रविवार सुबह 4 बजे जोधपुर में उनकी मौत हो गई। शव सुबह 8 बजे घर पहुंचा। रूण गांव निवासी राणाराम सेन का करीब 58 साल पहले भंवरी देवी के साथ विवाह हुआ था। राणाराम की पत्नी भंवरी देवी (75) ने जैसे ही उनका मुंह देखा, उनकी भी सांसें थम गईं। बुजुर्ग दंपती के परिजनों रतनलाल और खेमचंद ने बताया कि उनके बेटा नहीं है। दो बेटियां ही हैं। दोनों शादीशुदा हैं। इसके चलते दोनों बेटियों ने ही अर्थी को कंधा दिया। एक ही चिता पर माता-पिता को मुखाग्नि दी। बैंड बाजे के साथ दोनों की अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमे पूरा गांव शरीक हुआ।