अब पूरे अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा, ढह गया पंजशीर का किला

पंजशीर भी तालिबान के सामने हार गया। रेजिस्टेंस फोर्स के लड़ाकों ने तालिबान को कड़ी टक्कर दी लेकिन रविवार की लड़ाई के बाद तालिबान की जीत हो गई। तालिबान ने आज सोमवार को एक ताजा बयान में दावा किया है कि तालिबान सेनाओं ने पूरे पंजशीर प्रांत पर कब्‍जा कर लिया है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने एक न्‍यूज पेपर से कहा है कि तालिबान बलों ने पंजशीर प्रांत पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है। तालिबान ने पंजशीर के गवर्नर हाउस में अपना झंडा भी लहरा दिया।

पंजशीर में रविवार को रेजिस्टेंस फोर्स के कमजोर पड़ने की खबर सामने आने लगी थीं। अहमद मसूद ने तालिबान के सामने जंग खत्म करने का प्रस्ताव रखा था। इससे पहले उन्होंने पंजशीर और अंदराब में तालिबानी हमले रोकने की शर्त रखी थी। तालिबान यहां काफी मजबूत स्थिति में था। तालिबानी लड़ाके किसी भी तरह पंजशीर पर कब्जा चाहते थे। लड़ाई मसूद ने शुरू की थी, इसलिए तालिबानी लड़ाकों में गुस्सा था। इस गुस्से और ताकत के दम पर तालिबानी लड़ाकों ने पंजशीर पर कब्जा कर लिया।

बता दें कि करीब 22 दिन पहले 15 अगस्‍त को तालिबान ने अफगानिस्‍तान की राजधानी समेत लगभग पूरे अफगानिस्‍तान पर कब्‍जा कर लिया था और पंजशीर वैली ही एक ऐसा इलाका था, जो तालिबान की सत्‍ता को स्‍वीकार करने के लिए तैयार नहीं था। रेसिस्‍टेंस फोर्स ने पंजशीर वैली तालिबान के खिलाफ लड़ाई अभी तक जारी रखी थी।