तालिबान की वापसी के बाद लोगों की अफगानिस्तान से निकलने की कोशिश कर रहे हैं। अफगानिस्तान छोड़ने के लिए मची होड़ की कई तस्वीरें अब तक काबुल एयरपोर्ट (Kabul Airport) से सामने आ चुकी हैं। एयरपोर्ट पर बदहवास होकर दौड़ रहे लोग हों या फिर रनवे पर रेस लगा रहे लोग या फिर विमान में जगह ना मिल पाने पर प्लेन के टायर से हवा में लटके लोगों की तस्वीरें। हर कोई बस अफगानिस्तान छोड़कर जाना चाहता है। इस बीच 7 महीने की बच्ची की एक फोटो सोशल मीडिया वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि काबुल एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी और भगदड़ के दौरान ये मासूम अपने मां-बाप से बिछड़ गई। एयरपोर्ट पर ही छूट गई इस बच्ची की देखभाल फिलहाल एयरपोर्ट स्टाफ कर रहे हैं। बच्ची के परिवार का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं।
बताया जा रहा है कि बच्ची के परिजन काबुल के PD-5 में रहते हैं। बच्ची की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसे शेयर किया है। लोग इस बच्ची को उसके माता-पिता से मिलवाने की अपील भी कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस तस्वीर को बेहद ही मार्मिक बता रहे हैं। अफगानिस्तान की इस हालात के लिए लोग तालिबान और अमेरिका पर भड़ास निकाल रहे हैं।