IPL 2020 : RCB की टीम में बड़ा बदलाव, केन रिचर्डसन की जगह एडम जैम्पा हुए शामिल

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 19 सितंबर से सबसे चर्चित क्रिकेट लीग आईपीएल का आयोजन होने जा रहा हैं। इसको लेकर सभी टीम तैयारियों में जुट चुकी हैं। हांलाकि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कुछ सदस्यों के कोरोना संक्रमित होने से उनका पृथकवास बढ़ चुका हैं। लेकिन अन्य टीम ने प्रैक्टिस करना शुरू कर दिया हैं। लीग के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) में बड़ा बदलाव देखने को मिला हैं। आरसीबी ने तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन की जगह दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जैम्पा को अपनी टीम में शामिल किया है। रिचर्डसन ने अपने पहले बच्चे के जन्म की वजह से इस सीजन से अपना नाम वापस ले लिया है।
एडम जैम्पा के आने से आरसीबी का स्पिन आक्रमण और मजबूत हो गया है। टीम में पहले से ही युजवेंद्र चहल, वाशिंगटन सुंदर और मोईन अली जैसे दिग्गज स्पिनर मौजूद हैं। टीम के डायरेक्टर ऑफ टीम ऑपरेशंस माइक हेसन ने कहा कि केन रिचर्डसन के इस आईपीएल सीजन उपलब्ध ना होने से हम काफी निराश हैं। केन रिचर्डसन को आरसीबी ने चार करोड़ की भारी भरकम रकम में खरीदा था।उधर, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के महत्वपूर्ण खिलाड़ी सुरेश रैना ने निजी कारणों के चलते लीग से अपना नाम वापस ले लिया हैं। ऐसे में गौतम गंभीर ने सुरेश रैना की गैरमौजूदगी पर महेंद्र सिंह धोनी को सलाह दी हैं कि उन्हें तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। गंभीर को लगता है कि एक साल से अधिक समय से खेल से दूर धेानी को अधिक से अधिक गेंद खेलने का प्रयास करना चाहिए।