मध्यप्रदेश : पुलिस हिरासत से फरार हुए दुष्कर्मी ने फांसी लगा दी अपनी जान

मध्यप्रदेश के दतिया जिले के भांडेर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां दुष्कर्म का आरोपी पुलिस हिरासत से भाग गया था लेकिन फरार होने के अगले दिन ही उसने खेत में पेड़ पर फांसी लगा अपनी जान दे दी। इस 20 वर्षीय आरोपी पर 17 वर्षीय लड़की के अपहरण व दुष्कर्म का आरोप लगा था। आर्पोपी शनिवार रातफरार हुआ था जिसका शॉ सोमवार को खेत में पेड़ पर लटकता मिला। मामले में दतिया एसपी अमन सिंह राठौड़ ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता प्रदर्शित करने के आरोप में आरक्षक मुकेश दोहरे और आरक्षक मनीष दुबे थाना भांडेर को रविवार को ही निलंबित कर दिया था।

भांडेर थाना के प्रभारी निरीक्षक विजय लोधी ने सोमवार को बताया कि आरोपी का शव सोमवार सुबह तिगरा-केओलारी मार्ग पर एक पेड़ से लटका मिला। उन्होंने बताया कि आरोपी राघवेंद्र वंशकार को शुक्रवार को पंडोखर से 15 जून की रात लड़की के अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शनिवार रात को चिकित्सा परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय युवक पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। सूत्रों के अनुसार आरोपी ने फरार होने के बाद गांव क्योलारी में अपने खेत पर फांसी लगा ली। आरोपी ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसके बारे में किसी के पास कोई जानकारी नहीं। पुलिस इस मामले में जांच में जुट गई है। आसपास के निवासियों से भी इस मामले में जानकारी जुटाई जा रही है।