आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर जबरदस्त हादसा, डिवाइडर से टकराकर हवा में 3-4 राउंड घूमी कार

आगरा में यमुना पार हाईवे पर तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि डिवाडर से टकराने के बाद 3-4 राउंड हवा में घूमी। इसके बाद सड़क पर जा गिरी। कार के पहिए और इंजन उछल कर 200 मीटर दूर गिरे। बताया जा रहा है कि सही समय पर एयरबैग खुलने की वजह से कार में सवार लोगों की जान बच गई। हालांकि सभी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना सोमवार रात करीब साढे़ 12 बजे की है।

छलेसर की ओर से एक तेज रफ्तार पोलो कार वाटर वर्क्स की तरफ जा रही थी। कार में 4 युवक सवार थे। युवक नोएडा से आ रहे थे। अचानक कार गोयल हॉस्पिटल के पास पास बेकाबू हो गई। जिससे कार पहले डिवाइडर में टकराई। डिवाइडर में टकराने के बाद कार पलटा खाते हुए दूसरी साइड में टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि तेज आवाज सुनाई दी। कार के परखच्चे उड़ गए। कार का आगे और पीछे के पहिए टूट गए। कार का इंजन निकल कर करीब 200 मीटर दूर दूसरी साइड पर जा गिरा। हादसे के बाद राहगीर और आस-पास लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायलों को बड़ी मुश्किल से कार से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल युवक कमला नगर के बताए गए हैं। दो की हालत गंभीर बताई गई है।