AAP ने जारी की पंजाब में 8 लोकसभा उम्मीदवारों की सूची, 5 मंत्रियों को मैदान में उतारा

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को पंजाब में लोकसभा चुनावों के लिए अपने आठ उम्मीदवारों की सूची जारी की। जारी की गई सूची में 5 ऐसे उम्मीदवारों के नाम शामिल है, जो वर्तमान में पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। घोषित प्रमुख नामों में, पंजाब के मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर को संगरूर सीट से चुनाव लड़ने के लिए नामांकित किया गया है, जिसका प्रतिनिधित्व पहले वर्तमान मुख्यमंत्री भगवंत मान करते थे।

अन्य सात उम्मीदवार अमृतसर से कुलदीप सिंह धालीवाल, खडूर साहिब से लालजीत सिंह भुल्लर, जालंधर से सुशील कुमार रिंकू, फतेहगढ़ साहिब से गुरप्रीत सिंह एसपी, फरीदकोट से करमजीत अनमोल, बठिंडा से गुरुमीत सिंह खुदियां और पटियाला से डॉ. बलबीर सिंह हैं।

बस्सी पठाना से कांग्रेस के पूर्व विधायक गुरप्रीत सिंह जीपी हाल ही में आप में शामिल हुए थे। वहीं दूसरी ओर नवम्बर में पंजाब मंत्रिमंडल में हुए फेरबदल के बाद मीत हेयर को खान और भूविज्ञान के प्रमुख पोर्टफोलियो सहित चार विभाग गंवाने पड़े। अब उनके पास खेल एवं युवा सेवा विभाग रह गया है।

गौरतलब है कि आप इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। आप और कांग्रेस इंडिया ब्लॉक के हिस्से के रूप में कई राज्यों में सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर पहुंचे हैं, लेकिन पंजाब में वे सफल नहीं हो सके हैं, जिसके चलते पंजाब में उनके एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने की संभावना है।