हिमाचल के अगले विधानसभा चुनाव में सभी 68 सीटों पर मुकाबला लड़ेगी आम आदमी पार्टी, सदस्यता अभियान शुरू

हिमाचल प्रदेश में नवंबर 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसके लिए आम आदमी पार्टी (AAP) बड़ी पार्टी बनकर उभर रही हैं जो कि सभी 68 सीटों पर अपने प्रत्याक्षी उतारेगी। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गुजरात और गोवा के बाद हिमाचल छठा राज्य है जहां आप विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है। यह जानकारी आप हिमाचल प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने दी। दिल्ली से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार हिमाचल की ओर अपना रुख कर रहे हैं। प्रवक्ता एसएस जोगटा ने बताया कि जल्द ही हिमाचल में केंद्रीय नेताओं की रैलियां शुरू की जानी हैं।

इसके लिए पार्टी ने हिमाचल में सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। इसके चलते सदस्यता शुल्क भी एकत्र किया जा रहा है। पार्टी चुनाव को साधते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जगह-जगह धरना-प्रदर्शन कर रही है। शहरों और गांव में जाकर लोगों को दिल्ली में आम आदमी पार्टी की ओर से दी जा रही मूलभूत सेवाओं के बारे में अवगत कराया जा रहा है। उधर, कांग्रेस और भाजपा ने पहले ही विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।