मशहूर टीवी पत्रकार रोहित सरदाना का हार्ट अटैक से निधन, कुछ दिन पहले हुए थे कोरोना संक्रमित

मशहूर न्यूज एंकर रोहित सरदाना की कोरोना से मौत हो गई है। उनके निधन की खबर सुनकर मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। लंबे समय तक जी न्यूज में एंकर रहे रोहित सरदाना इन दिनों आज तक न्यूज चैनल में एंकर के तौर पर काम कर रहे थे।

रोहित सरदाना के निधन को लेकर वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने ट्विटर पर लिखा, 'बहुत ही भयानक समाचार है। जाने-माने टीवी न्यूज एंकर रोहित सरदाना का निधन हो गया है। आज सुबह दिल का दौरा पड़ा। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।'

सुधीर चौधरी ने ट्वीट किया, 'अब से थोड़ी पहले जितेंद्र शर्मा का फोन आया। उसने जो कहा सुनकर मेरे हाथ काँपने लगे। हमारे मित्र और सहयोगी रोहित सरदाना की मृत्यु की ख़बर थी। ये वायरस हमारे इतने क़रीब से किसी को उठा ले जाएगा ये कल्पना नहीं की थी। इसके लिए मैं तैयार नहीं था। यह भगवान की नाइंसाफ़ी है... ॐ शान्ति।'

वहीं आजतक मीडिया संस्थान से जुड़े पत्रकार चित्रा त्रिपाठी ने लिखा, 'हंसता-खेलता परिवार, दो छोटी बेटियाँ। उनके लिए इस दंगल को हारना नहीं था रोहित सरदाना जी। आज सुबह चार बजे नोएडा के निजी अस्पताल में ICU में आपको ले ज़ाया गया और दिन चढ़ने के साथ ये बहुत बुरी खबर। कुछ कहने को अब बचा ही नहीं।'

रोहित सरदाना के निधन पर शिव अरोरा ने भी ट्वीट कर संवेदना जताई। उन्होंने कहा, 'विदाई, रोहित भाई। यह विश्वास नहीं किया जा सकता है। कोई शब्द नहीं बचे हैं। आपको याद किया जाएगा, मेरे दोस्त।'

भले ही कोरोना और दिल का दौरा पड़ने से वह दुनिया छोड़कर चले गए, लेकिन एक दिन पहले तक वह लोगों की मदद के लिए सक्रिय थे। कोरोना का शिकार हुए लोगों के इलाज के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीजन, बेड आदि तक की व्यवस्था के लिए वह लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव थे और लोगों से सहयोग की अपील कर रहे थे। यहां तक कि अपनी मौत से ठीक एक दिन पहले 29 अप्रैल को भी उन्होंने ट्वीट कर एक महिला के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शनों की व्यवस्था करने की अपील की थी। इससे पहले 28 अप्रैल को उन्होंने लोगों से प्लाज्मा डोनेट करने की भी अपील की थी।

लंबे समय से टीवी मीडिया का चेहरा रहे रोहित सरदाना इन दिनों 'आज तक' न्यूज चैनल प्रसारित होने वाले शो 'दंगल' की एंकरिंग करते थे। 2018 में ही रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था।