पंजाब : एक दूसरे की तरफ घूरने पर हुई तकरार और किरच घोंप कर ले ली जान

अक्सर देखा जाता हैं कि मामूली बात बढ़ते हुए कई बार बढ़ी तकरार में तब्दील हो जाती हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला पंजाब के बठिंडा के नरूयाना रोड पर जहां स्थित अमरपुरा बस्ती में सिर्फ एक दूसरे की तरफ घूरने पर हुई तकरार खूनी जंग में बदल गई और यहां किरच घोंप कर युवक की जान ले ली गई। मृतक की पहचान सुखपाल सिंह उर्फ सन्नी (22 ) पुत्र मिट्ठू सिंह के तौर पर हुई है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही। डीएसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने मृतक युवक के पिता मिट्ठू सिंह के बयान पर आरोपी परम सिंह, अमनदीप सिंह, सागर सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने परम सिंह एवं अमनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात को सुखपाल सिंह उर्फ सन्नी अपने दोस्त लब्बी एवं मन्नू के साथ घर के समीप खड़ा था। दूसरी तरफ से आए परम सिंह, अमनदीप सिंह, सागर सिंह उनकी तरफ घूरने लगे। इसी बात को लेकर सभी युवक आपस में भिड़ गए। इसी दौरान परम सिंह, अमनदीप सिंह एवं सागर सिंह ने सुखपाल सिंह के पेट में किरच घोंप दी और सभी युवक मौके से फरार हो गए। घटना का पता चलते ही आस पास के लोगों ने गंभीर हालत में सुखपाल को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया जहां पर उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना का पता चलते ही डीएसपी सिटी गुरजीत सिंह रोमाणा पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे एवं घटना स्थल का जायजा लिया।