मेरठ : दुष्कर्म पीड़िता ने परिवार के साथ किया सरेआम आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने दिया कारवाई का भरोसा

उत्तरप्रदेश के मेरठ में आज एक हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला जहां एक सामूहिक दुष्कर्म पीडिता ने न्याय की मांग को लेकर अपने परिवार सहित कमिश्नरी चौराहे पर आत्मदाह की कोशिश की। इस दौरान घटना स्थल पर काफी पुलिस तैनात थी। चार-पांच महिलाओं ने खुद के ऊपर केरोसिन उड़ेल लिया। वहां मौजूद कर्मियों ने किसी तरह महिलाओं से केरोसिन से भरी केन छीनी और घटना को रोक लिया। आत्मदाह की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद सीओ ब्रह्मपुरी अमित कुमार राय भी पहुंचे।

खरखौदा के लोहिया नगर से आईं महिलाओं का आरोप है कि 27 फरवरी को तीन दबंगों ने परिवार की महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर विरोध करने पर एक अन्य महिला को गोली मार दी। वह महिला अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी उनके घर आकर उन्हें धमकी दे रहे हैं लेकिन, पुलिस आरोपियों का साथ दे रही है।

सीओ ने महिलाओं से बात की और उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया। इसके बाद पुलिस सभी महिलाओं को थाने ले आई। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस पूरी तरह आरोपियों का साथ दे रही है। पूर्व में भी कई बार वह जेल जा चुके हैं, इसके बावजूद भी पुलिस उनका साथ दे रही है।