संसद की सुरक्षा में भारी चूक, दर्शक दीर्घा से स्मोक बम लेकर कूदे दो युवा, इनमें एक महिला

नई दिल्ली। संसद भवन पर हमले की बरसी के दिन आज लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दो युवक दर्शक दीर्घा से कूद गए। ये दोनों शख्स एक बेंच से दूसरे बेंच पर भागने लगे। तभी एक शख्स ने जूते से निकालकर कोई पीले रंग की गैस स्प्रे कर दी। कार्यवाही में मौजूद सांसदों के मुताबिक, दोनों युवकों के हाथ में टियर गैस कनस्तर था। हालांकि, इन्हें सांसदों ने पकड़ लिया और सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया।

कार्यवाही में मौजूद सांसदों ने बताया कि शून्यकाल में भाजपा सांसद खरगेन मुर्मू बोल रहे थे तभी एक व्यक्ति दर्शक दीर्घा से कूद गया। वह पहले बैरियर से लटका और फिर सदन के अंदर छलांग लगा दी। इसके बाद दूसरा शख्स भी उसके पीछे सदन में कूद गया। संसद में अफरा तफरी मच गई। कुछ सांसद अनहोनी की आशंका से बाहर भागने लगे। कुछ सांसदों ने दोनों को पकड़ लिया। पकड़े दोनों युवाओं में एक युवती शामिल है। एक आरोपी का नाम सागर बताया जा रहा है। महिला का नाम नीलम बताया जा रहा है। इसी बीच संसद के सुरक्षाकर्मी आ गए और दोनों को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए आरोपियों को संसद मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर यूनिट स्पेशल सेल पार्लियामेंट के अंदर हंगामा करने वाले लोगों से पूछताछ करने पहुंच गई है। दोनों सांसद के नाम पर लोकसभा विजिटर पास पर आए थे। सांसद दानिश अली ने बताया कि दोनों लोग मैसूर से भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा के नाम पर लोकसभा विजिटर पास से आए थे।

जब ये सुरक्षा में चूक हुई, तब भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल स्पीकर की चेयर पर थे। उन्होंने कहा, निश्चित रूप से कोई खामी है। जब पहला व्यक्ति नीचे आया तो हमें लगा कि वह गिर गया होगा, लेकिन जब दूसरा व्यक्ति नीचे आने लगा तो हम सभी सतर्क हो गए। शख्स ने अपना जूता खोलकर कुछ बाहर निकालने की कोशिश की जिसके बाद धुआं निकला। इसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्पीकर और जिम्मेदार लोग इस पर फैसला लेंगे। जब यह सब हुआ तो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी सदन में पहुंचे थे।

शून्य काल के दौरान घुसे शख्स

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, जब शून्यकाल चल रहा था, दो युवक दर्शक गैलरी से कूदे और उनके द्वारा कुछ फेंका गया, जिससे गैस निकल रही थी। उन्हें सांसदों ने पकड़ लिया, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला। यह निश्चित रूप से एक सुरक्षा उल्लंघन है क्योंकि आज हम उन लोगों की पुण्य तिथि मना रहे हैं, जिन्होंने 2001 में अपने प्राणों की आहुति दी थी।

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा, अचानक करीब 20 साल के दो युवक दर्शक दीर्घा से सदन में कूद पड़े और उनके हाथ में कनस्तर थे। इन कनस्तर से पीला धुआं निकल रहा था। उनमें से एक अध्यक्ष की कुर्सी की ओर भागने का प्रयास कर रहा था। वे कुछ नारे लगा रहे थे। धुआं जहरीला हो सकता था। यह सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है।

सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं


लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, इस घटना की सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। दिल्ली पुलिस को भी आदेश दे दिए गए हैं। हम सबकी चिंता थी कि धुआं क्या था, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये धुआं साधारण था। इसकी जांच कर ली गई है।