अमेरिका में शख्स ने खुलेआम की गोलीबारी फिर आत्महत्या, फायरिंग में मारे गए आठ लोग

अमेरिका के इंडियानापोलिस में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक शख्स ने खुलेआम गोलीबारी की और फिर खुद को गोली मार दी। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में कई अन्य लोग घायल भी हो गए हैं। घटना फेडेक्स के एक केंद्र पर हुई। फेडेक्स केंद्र में काम करने वाले और घटना के चश्मदीद ने बताया कि पहले गोलियां चलने की आवाज आई, वो बाहर आया तो उसने देखा कि एक बंदूकधारी गोलियां चला रहा है।

पुलिस प्रवक्ता गेने कुक ने शुक्रवार को संवादाताओं को बताया कि यह घटना गुरुवार रात की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अधिकारियों को शहर के बाहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास फेडेक्स सेंटर पर फायरिंग की जानकारी मिली है। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें ये भी जानकारी मिली है कि बंदूकधारी ने आत्महत्या कर ली है। लिस ने देखा कि वहां अभी भी गोलीबारी चल रही है। कुक ने जानकारी दी और बताया कि कई लोगों को गोली लगी है, हालांकि उन्होंने घायलों की संख्या नहीं बताई है। पुलिस ने बताया कि बंदूकधारी मर चुका है और अब लोगों को कोई खतरा नहीं है।